बद्रीनाथ धाम में धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान: वीडियो में देंखे ‘ट्रंप 30 डॉलर दे, तब हम 1 रुपया दें’
बद्रीनाथ धाम में चल रही कथा के दूसरे दिन पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने देश की अर्थव्यवस्था, महंगाई और राजनीति को लेकर कई चर्चित बयान दिए। उनके बयान अब सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं।कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भारतीय मुद्रा को लेकर अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा, “हमारा सपना है कि भारत का रुपया इतना मजबूत हो जाए कि अमेरिका वाला ट्रंप चच्चा 30 डॉलर दे, तब हम 1 रुपया दें।” उनके इस बयान पर कथा पंडाल में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
उन्होंने राजनीतिक व्यवस्था पर भी तंज कसा। शास्त्री ने कहा, “साधना से निकले तो भारत में बहुत कांड हुए। कॉकरोच निकला। भारत भी गजब है, जिन कॉकरोचों से लोग डरते हैं, उनकी पार्टियां बन गईं। इससे यह सिद्ध होता है कि बेरोजगारी बढ़ रही है।”महंगाई और ईंधन खपत को लेकर भी उन्होंने नेताओं और आम जनता दोनों का जिक्र किया। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि आम लोगों से डीजल और पेट्रोल कम खर्च करने की अपील की जाती है, लेकिन नेताओं के चार्टर्ड विमानों पर भी रोक लगनी चाहिए।
उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि देशहित में नेताओं की तीन महीने की सैलरी काटी जानी चाहिए। उनके मुताबिक इससे जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश जाएगा और नेताओं को भी आम लोगों की परेशानियों का एहसास होगा।धीरेंद्र शास्त्री के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग उनके बयानों को जनता की भावनाओं से जुड़ा बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे राजनीतिक टिप्पणी मान रहे हैं। गौरतलब है कि बागेश्वर धाम प्रमुख अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। धार्मिक मंचों से सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर उनकी टिप्पणियां लगातार चर्चा में बनी रहती हैं।

