हरिद्वार में इमरान हाशमी की फिल्म शूटिंग पर विवाद, वीडियो में देंखे बार-रेस्टोरेंट सेट को लेकर विरोध; ‘बार’ शब्द हटाया गया
हरिद्वार में बॉलीवुड अभिनेता Emraan Hashmi की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया जब फिल्म सेट पर बनाए गए एक बार और रेस्टोरेंट के सीन को लेकर विरोध शुरू हो गया।जानकारी के अनुसार, जैसे ही कुछ हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों को इस सेट की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इसका कड़ा विरोध जताया। विरोध के दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और जमकर नारेबाजी भी हुई।
स्थिति को बिगड़ते देख फिल्म यूनिट और सेट संचालकों ने तत्काल कदम उठाते हुए वहां लगे बोर्ड से “बार” शब्द हटा दिया। इसके बाद हालात शांत हुए और विवाद को फिलहाल नियंत्रित कर लिया गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, फिल्म यूनिट की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह किस फिल्म की शूटिंग है, जिससे शूटिंग को लेकर और अधिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा, हालांकि प्रशासन और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।फिलहाल इस मामले पर फिल्म यूनिट या संबंधित संगठनों की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

