उत्तरकाशी ट्रेक पर गई नैनीताल की युवती 5 दिन से लापता, वीडियो में देंखे सेना और ITBP समेत कई एजेंसियां तलाश में जुटीं
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में ट्रैकिंग के लिए गई नैनीताल की एक युवती पिछले पांच दिनों से लापता है। युवती की तलाश के लिए सेना, ITBP, SDRF, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लापता युवती की पहचान बबीता पांडे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बबीता अपने दो दोस्तों हरमनपाल और हरमनप्रीत के साथ गढ़वाल क्षेत्र घूमने गई थी। तीनों पहले हर्षिल पहुंचे और वहां से प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक पर निकल गए थे।
बबीता के भाई हर्षित पांडे ने बताया कि 29 मई की रात तीनों ट्रैकर्स रास्ते में स्थित 'गोई' नामक स्थान पर रुके थे। दोस्तों के मुताबिक, अगली सुबह करीब 4 बजे जब उनकी नींद खुली तो बबीता टेंट में मौजूद नहीं थी। इसके बाद जब उसे फोन किया गया तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया। सेना, ITBP, SDRF, पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं, ड्रोन की मदद से दयारा बुग्याल ट्रेक के आसपास के कठिन और दूरस्थ क्षेत्रों की भी गहन तलाशी ली जा चुकी है।
हालांकि लगातार पांच दिनों से चल रहे अभियान के बावजूद बबीता पांडे का कोई पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और पहाड़ी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खोज अभियान जारी है और हर संभावित स्थान की जांच की जा रही है।
परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिवार ने प्रशासन से खोज अभियान को और तेज करने की मांग की है, जबकि स्थानीय प्रशासन का कहना है कि युवती की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

