उत्तर भारत में बारिश का कहर, फुटेज में देंखे उत्तराखंड में 7 मौतें, चित्रकूट में बाढ़ से दर्जनों घर ढहे; कई इलाकों में हालात बिगड़े
उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। सबसे ज्यादा असर उत्तराखंड में देखने को मिल रहा है, जहां भारी बारिश के कारण नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं। देहरादून में तेज बहाव के बीच एक कार बह गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती को रेस्क्यू कर बचा लिया गया। वहीं अल्मोड़ा में भूस्खलन और मकान गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई। राज्य में लगातार बारिश के कारण प्रशासन और राहत-बचाव टीमें अलर्ट पर हैं।
देहरादून में कार बरसाती नदी में बही
देहरादून के प्रेमनगर इलाके के पौंधा में भारी बारिश के बाद बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान एक कार तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। वाहन में तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती को SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले और जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों से दूर रहें।
अल्मोड़ा में मलबा घर में घुसा, तीन की मौत
अल्मोड़ा के उड़यूड़ा गांव में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से आया मलबा एक मकान में घुस गया। हादसे के समय घर के कमरे में लोग सो रहे थे। मलबे में दबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। राहत एवं बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद मलबे से तीनों शव बरामद किए।इसके अलावा अल्मोड़ा में ही एक दीवार गिरने की घटना में दो नेपाली मजदूरों की मौत की भी खबर है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मकान गिरने का खतरा बढ़ गया है। राज्य के कई हिस्सों में नदियों और गदेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
नैनीताल में नाले के बहाव में बच्ची बही
नैनीताल के भीमताल इलाके में भी बारिश ने कहर बरपाया। यहां नाले के तेज बहाव में बहने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के पास एक झील से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। लगातार बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण पहाड़ी जिलों में प्रशासन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
केदारनाथ यात्रा फिर शुरू
बारिश के कारण कुछ समय के लिए रोकी गई केदारनाथ यात्रा को अब फिर से शुरू कर दिया गया है। हालांकि मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है। इससे पहले भारी बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते यात्रा और मार्गों पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी थी।
चित्रकूट में मंदाकिनी उफान पर
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भी बारिश और बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में पानी भर गया है। रिपोर्टों के मुताबिक 80 से ज्यादा कच्चे मकानों के गिरने की जानकारी सामने आई है। हाल के दिनों में चित्रकूट-सतना क्षेत्र में मंदाकिनी के उफान के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हैं और कई जगहों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
जहानाबाद में पुल के ऊपर बह रहा पानी
बिहार के जहानाबाद में भी अचानक दरधा नदी का जलस्तर बढ़ गया। जाफरगंज पुल के ऊपर दो फीट से ज्यादा पानी हने की स्थिति बन गई है। इससे पुल पर आवागमन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।उत्तर भारत में लगातार बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है। खासकर पहाड़ी इलाकों में सड़कें, पुल और मकान प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन राहत और बचाव दलों के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

