पीएम मोदी ने हरदोई से किया गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, वीडियो में जाने 594 KM परियोजना से बदलेगा यूपी का कनेक्टिविटी नक्शा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई से राज्य के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने परियोजना को प्रदेश के विकास और कनेक्टिविटी के लिए ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य देश और राज्य में तेज, सुरक्षित और आधुनिक सड़क नेटवर्क विकसित करना है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भविष्य में इस एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक जोड़ने की योजना पर काम किया जाएगा, जिससे यह और अधिक व्यापक परिवहन नेटवर्क का हिस्सा बन सके।
जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी का नाम लेते हुए कहा कि “महिला विरोधी मानसिकता रखने वाले लोग कभी बदल नहीं सकते, इसलिए जनता को ऐसे लोगों से सतर्क रहना चाहिए।”उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने एक्सप्रेस-वे के किनारे एक पौधा भी लगाया, जिसे पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रतीक के रूप में देखा गया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल चलकर परियोजना का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जानकारी ली।
करीब 594 किलोमीटर लंबा यह गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ता है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी। जहां पहले इस दूरी को तय करने में लगभग 11 से 12 घंटे लगते थे, अब यह सफर लगभग 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा।यह एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरता है और इसे राज्य की सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। परियोजना के तहत यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
इस मार्ग पर पब्लिक कन्वीनियंस सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें यात्रियों के लिए ठहरने की सुविधा, ट्रॉमा सेंटर, प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं और फूड कोर्ट जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि यह एक्सप्रेस-वे न केवल यात्रा को तेज और आसान बनाएगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। स्थानीय लोगों और उद्योग जगत ने भी इस परियोजना को क्षेत्रीय विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया है।

