महिंद्रा फाइनेंस ऑफिस में खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत, भोपाल AIIMS में चल रहा था इलाज
सागर जिले के मकरोनिया स्थित महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक का भोपाल स्थित एम्स (AIIMS) में उपचार चल रहा था, जहां मंगलवार शाम उसने अंतिम सांस ली।
मृतक की पहचान नीलेश कुमार जैन, निवासी राहतगढ़ के रूप में हुई है। उनकी मौत की पुष्टि उनके साले नीरज जैन ने की। परिजनों के अनुसार, आग से गंभीर रूप से झुलसने के बाद नीलेश को बेहतर इलाज के लिए भोपाल के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।
बताया गया है कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को भोपाल में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर राहतगढ़ स्थित उनके निवास पहुंचेंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नीलेश कुमार जैन ने मकरोनिया स्थित महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। इस घटना के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामला उस समय काफी चर्चा में रहा था और घटना के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, युवक की मौत के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

