Yogi government ने माफिया बदन सिंह बद्दो पर घोषित किया पांच लाख का इनाम, 2019 में मेरठ से हुआ था फरार

शासन ने बदन सिंह पर अब पांच लाख रुपये इनाम घोषित कर दिया है। जिसके बाद वह मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल हो गया है। बदन सिंह की तलाश में एसटीएफ भी लगी है। गृह विभाग ने मेरठ निवासी बदन सिंह पर इनाम राशि बढ़ाए जाने का शासनादेश जारी कर दिया है। बदन सिंह का नाम प्रदेश के सूचीबद्ध माफिया की सूची में शामिल है। मेरठ के टीपीनगर का रहने वाला बदन सिंह बद्दो बीते चार सालों से फरार है। वह 28 मार्च 2019 को मेरठ पुलिसकर्मियों को नशीला पदार्थ देकर फरार हुआ था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह आस्ट्रेलिया और यूरोप के देशों में पनाह लिए है। उसकी दस करोड़ से अधिक की संपत्तियों को पुलिस अब तक जब्त कर चुकी है। उसके खिलाफ जल्द रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी है। बता दें एसटीएफ ने बदन सिंह बद्दो की जनवरी में लोकेशन ट्रेस की थी। तब उसकी इंस्टाग्राम लोकेशन फ्रांस की आ रही थी। जुलाई में भी बदन सिंह बद्दो के इंस्टाग्राम की लोकेशन नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया में आ चुकी है। बदन सिंह बद्दो 4 साल से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी संपत्ति भी कुर्क कर चुकी है। उसकी कोठी पर बुलडोजर चला दिया गया था। उसके बाद भी अभी तक पुलिस बदन सिंह को पकड़ नहीं पाई है। लेकिन बदन सिंह बद्दो का इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट लगातार एक्टिव रहता है।
--आईएएनएस
विकेटी/एएनएम