Samachar Nama
×

फरियादी महिला को महिला दरोगा ने थाने में जड़े 5 थप्पड़, वीडियो वायरल होने पर निलंबित; विभागीय जांच के आदेश

फरियादी महिला को महिला दरोगा ने थाने में जड़े 5 थप्पड़, वीडियो वायरल होने पर निलंबित; विभागीय जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पुलिस के व्यवहार को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चौबेपुर थाने में तैनात एक महिला दरोगा ने शिकायत लेकर पहुंची महिला फरियादी की थाने के भीतर ही पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला दरोगा को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

8 सेकेंड में जड़े 5 थप्पड़

वायरल वीडियो के मुताबिक, चौबेपुर थाने में तैनात महिला दरोगा रोशनी सिंह शिकायत लेकर पहुंची महिला से बहस के दौरान अचानक आपा खो बैठीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि दरोगा महिला से कहती हैं, "तुम्हारी रोज-रोज की शिकायत से तंग आ चुकी हूं, आज तेरा इलाज करती हूं।" इसके बाद उन्होंने महज 8 सेकेंड के भीतर महिला को लगातार 5 थप्पड़ मार दिए।थाने में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होते ही हुई कार्रवाई

मामले ने तूल पकड़ने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। डीसीपी प्रमोद कुमार ने महिला दरोगा रोशनी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जमीन कब्जे की शिकायत लेकर पहुंची थी महिला

पीड़ित महिला की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है, जो चौबेपुर क्षेत्र के परानापुर गांव की रहने वाली हैं। गीता देवी दलित समुदाय से संबंध रखती हैं। उनके अनुसार, कई वर्ष पहले उन्हें ग्राम समाज की ओर से आबादी की जमीन का पट्टा मिला था। उस जमीन के एक हिस्से में उनका परिवार रहता है, जबकि दूसरा हिस्सा खाली पड़ा है।महिला का आरोप है कि उनके पट्टीदार पूनम देवी और अन्य लोग खाली पड़ी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

15 जून को दी थी शिकायत

गीता देवी ने 15 जून को चौबेपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी मामले में दोबारा थाने पहुंचने पर महिला दरोगा से उनकी कहासुनी हो गई, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

थाने के भीतर फरियादी महिला के साथ हुई इस घटना ने पुलिस के व्यवहार और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस के रवैये की आलोचना कर रहे हैं और दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।फिलहाल महिला दरोगा को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच शुरू हो चुकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, पीड़ित महिला की जमीन कब्जे की शिकायत की भी अलग से जांच की जा रही है।

Share this story

Tags