मुरादाबाद मंडल में झमाझम बारिश, रामपुर में बिजली गिरने से महिला की माैत, संभल-अमरोहा में मिली राहत

मौसम में आए बदलाव से मुरादाबाद में लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहने और हवा चलने के साथ दोपहर में तेज बारिश हुई। जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। सुबह से ही मौसम बदल गया। दोपहर तक बारिश शुरू हो गई।
मंडल के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई है। मुरादाबाद के दिल्ली रोड क्षेत्र में तेज बारिश हुई, इसका असर शहर में भी देखने को मिला। कई जगह पानी भर गया। मौसम विभाग के डाटा कलेक्शन सेंटर के अधिकारियों के मुताबिक तापमान में करीब दस डिग्री की गिरावट आई है। आने वाले दिनों में बारिश का अनुमान है।
रामपुर जिले के बिलासपुर में बिजली गिरने से महिला की मौत
रामपुर में शुक्रवार को मौसम में आए बदलाव के बाद बिलासपुर क्षेत्र में बारिश के दौरान बिजली गिरने से किरन देवी (35) की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शुक्रवार को अचानक मौसम बदल गया। घर की दूसरी मंजिल पर सूख रहे कपड़े निकालने छत पर गई किरन देवी बिजली गिरने से झुलस गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई।