डंडे से पीटकर बीवी को मार डाला, फिर भाग गया पति… 6 साल की मासूम मां के शव को देख पूरी रात रोती रही
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में एक पति ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली घटना यह है कि हत्या के बाद 6 साल की मासूम बच्ची अपनी मां की लाश के पास पूरी रात रोती रही, जबकि उसका पत्थर दिल पिता तमाशबीन बना रहा।
पुलिस के मुताबिक, बसंतपुर के रहने वाले मिथुन साहनी की शादी 2016 में पार्वती से हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 26 फरवरी की रात को पति-पत्नी में किसी बात पर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि मिथुन अपना आपा खो बैठा और घर में रखे डंडे से पार्वती पर हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से पार्वती की मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम बच्ची पूरी रात लाश के पास बैठी रही
घटना के बाद आरोपी पति भागने के बजाय काफी देर तक अपनी पत्नी की लाश के पास बैठा रहा। घर में मौजूद उनकी 6 साल की बेटी यह समझ ही नहीं पाई कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। वह पूरी रात अपनी मरी हुई मां के पास बैठकर रोती रही। सुबह जब घटना की जानकारी आस-पास के लोगों को हुई तो इलाके में दहशत फैल गई। आरोपी मौका पाकर भाग गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी मिथुन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आज, 2 मार्च को पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जननायक चंद्रशेखर यूनिवर्सिटी जाने वाली सड़क पर देखा गया है। उन्होंने उसे वहीं घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी का बयान
बलिया के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस मुहम्मद उस्मान ने बताया कि 27 फरवरी को हत्या की सूचना मिली थी। आरोपी पति ने घरेलू झगड़े में अपनी पत्नी पर डंडे से हमला करके उसकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

