‘वाइड है गेंद, दोबारा फेंको’ भड़क गया गेंदबाज, बैटिंग कर रहे छात्र को बैट से पीट-पीट कर मार डाला
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के अहार क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां क्रिकेट खेल रहे युवकों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद एक लड़के ने एक युवक की बल्ले से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक युवक का नाम शक्ति है और वह रसूलपुर गांव का रहने वाला था।
रविवार की सुबह शक्ति अपने दोस्तों के साथ गांव के स्कूल के मैदान में खेलने गया था। शक्ति बल्लेबाजी कर रहा था। मैच की आखिरी गेंद फेंकी गई, जो वाइड थी। इस पर आपत्ति जताते हुए उसने उसे दोबारा फेंकने को कहा। लेकिन गेंदबाजी कर रहे युवक को गुस्सा आ गया और उसने शक्ति की छाती पर मुक्का मार दिया। इस मुद्दे पर मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच गरमागरम बहस हुई।
गर्दन पर बैठकर किया हमला
गांव के कुछ लड़कों ने दोनों खिलाड़ियों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता ही गया। इसी बीच एक लड़के ने शक्ति की गर्दन पर बैट से वार कर दिया। हमले के बाद शक्ति मौके पर ही बेहोश हो गया। इसके बाद दोस्तों ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन तुरंत शक्ति को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वह घर में इकलौता बेटा था।
वहीं, शक्ति की गर्दन पर हमला करने वाला लड़का और उसका पूरा परिवार घर से भाग गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। परिजनों के अनुसार शक्ति 11वीं कक्षा में पढ़ता था और इकलौता बेटा था। इस घटना से गांव में शांति है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

