लखनऊ में कर्बला से कौन ले गया घोड़ा? ‘जुलजनाह’ का सुराग देने वाले को 50000 का इनाम, चोर CCTV में कैद
लखनऊ के तालकटोरा थाना इलाके में खुदाबक्श कर्बला कॉम्प्लेक्स से शिया समुदाय की धार्मिक आस्था से जुड़ा एक कीमती सफेद घोड़ा "जुलजनाह" (दुलदुल) चोरी हो गया। यह घटना बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई जब एक चोर घोड़े को उसके अस्तबल से खोलकर ले गया। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसमें चोर घोड़े को ले जाते हुए दिख रहा है।
कर्बला मैनेजर सनवीम नकवी ने बताया कि घोड़ा ईरानी नस्ल का है और इसके धार्मिक महत्व के कारण इसे खास देखभाल में रखा गया था। इसे मुहर्रम के जुलूस में हजरत इमाम हुसैन (AS) की सवारी के प्रतीक के तौर पर निकाला जाता है। घोड़ा सुंदर और सफेद रंग का था, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये थी। इसे डेढ़ साल पहले उत्तराखंड से खरीदा गया था।
घोड़ा कैसे चोरी हुआ?
मैनेजर सनवीम नकवी के मुताबिक, घोड़े की देखभाल करने वाला कर्मचारी उस समय छत पर था। चोर मौका पाकर घोड़े को अस्तबल से ले गया। चोरी की सूचना मिलने के बाद आस-पास तलाश की गई, लेकिन घोड़ा नहीं मिला। बाद में CCTV फुटेज चेक की गई, जिसमें चोर घोड़े को एशिया ब्रिज की तरफ ले जाता दिख रहा है।
तालकटोरा पुलिस ने जांच शुरू की
तालकटोरा पुलिस ने मैनेजर सनविम नकवी की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आस-पास के दूसरे कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि घोड़ा जल्द ही मिल जाएगा।
इनाम का ऐलान
इस बीच, कर्बला के मैनेजर सनविम नकवी ने घोड़े की बरामदगी के लिए जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। चोरी की इस घटना से शिया समुदाय में गुस्सा है, क्योंकि 'जुलजनाह' हजरत इमाम हुसैन (AS) के घोड़े का प्रतीक है, जिसे कर्बला की लड़ाई में उनकी वफादारी और कुर्बानी की मिसाल माना जाता है। मुहर्रम के दौरान ऐसे घोड़ों को बड़े पैमाने पर सजाया जाता है और जुलूस निकाले जाते हैं, जो आस्था का प्रतीक है।

