सोमवार रात को बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में रिकॉर्ड तोड़ उछाल आया। मंगलवार को एक ही दिन में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री से बढ़कर 25 डिग्री पर पहुंच गया। 20 साल बाद 8 अप्रैल को न्यूनतम तापमान में इतनी बड़ी बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले साल 2005 में 8 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके साथ ही 15 साल बाद 24 घंटे में पारे में 7.5 डिग्री बढ़ोतरी का रिकॉर्ड भी बना है। इससे पहले वर्ष 2010 में 10 अप्रैल को एक ही दिन में पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अधिकतम तापमान में इतनी अचानक वृद्धि का कोई रिकार्ड नहीं है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग की वेधशाला की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को इस सीजन का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को 7.5 डिग्री बढ़ गया। विभाग के मौसम तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि सोमवार रात को बादल बढ़ गए थे। इसके चलते मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से 4.2 डिग्री अधिक रहा। जिसके कारण रात में तापमान बढ़ गया। बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। 15 वर्षों के बाद 24 घंटों में न्यूनतम पारे के स्तर में इतनी अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। इस सीजन में न्यूनतम तापमान 28 मार्च को 20 डिग्री तक पहुंच गया था। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक था। फिर 8 अप्रैल को न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही हवाओं की दिशा अब उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व हो गई है।