Samachar Nama
×

 लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज, बाराबंकी में राहत की बारिश; IMD का ताजा अपडेट जारी

 लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज, बाराबंकी में राहत की बारिश; IMD का ताजा अपडेट जारी

उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। हालांकि राजधानी वासियों को बारिश के लिए अभी एक-दो दिन और इंतजार करना पड़ेगा। उधर, पड़ोसी जिले बाराबंकी में गुरुवार को कुछ स्थानों पर हल्की तो कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई। दोपहर में धूप के साथ उमस रही, लेकिन शाम को हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। बारिश से धान की फसल को फायदा पहुंचा है। अधिकतम तापमान 31.50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.03 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में लोग धूप की तपिश से बचने के लिए मुंह ढककर घरों से निकले। मौसम सुहाना होने के बाद शाम को बाजार में चहल-पहल बढ़ गई। जिले में करीब एक लाख 75 हजार हेक्टेयर में धान की खेती होती है। बारिश न होने से इसका विकास रुका हुआ था। गुरुवार को हुई बारिश से सबसे ज्यादा फायदा धान की फसल को हुआ। देर शाम हुई बारिश के कारण शहर के मोहल्ला पैसर, विजयनगर, खलरिया, आनंद विहार और सरस्वती विहार के आसपास कुछ स्थानों पर पानी भर गया।

बार-बार बिजली गुल होती रही
दिनभर शहर के मोहल्लों में बिजली गुल होती रही। शहर के मोहल्ला नेहरूनगर, कंपनी बाग, देवा रोड, सिविल लाइन, लाजपत नगर में सुबह 11 बजे बाधित हुई बिजली आपूर्ति दोपहर 12 बजे बहाल हो सकी। इसके बाद भी दोपहर में बार-बार बिजली गुल होती रही।

आगरा का मौसम

आगरा शहर में गुरुवार को कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। दिन में ठंडी हवा चली। शाम करीब पांच बजे बादल छा गए। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। शहर में बुधवार शाम और रात को बारिश हुई। इससे लोगों को उमस से राहत मिली।

गुरुवार सुबह बादल छाए रहे, जिससे सुबह साढ़े आठ बजे अधिकतम आद्रता 94 प्रतिशत पहुंच गई। दोपहर में धूप निकली, लेकिन बादलों के कारण बेअसर रही। दोपहर में ठंडी हवाएं चलती रहीं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। गोरखपुर का मौसम शुक्रवार को गोरखपुर में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होगी। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

Share this story

Tags