Samachar Nama
×

अलौकिक स्वरूप में दिखेगा वृंदावन, रोड मैप हुआ तैयार, ब्रज वालों की होगी चांदी ही चांदी

अलौकिक स्वरूप में दिखेगा वृंदावन, रोड मैप हुआ तैयार, ब्रज वालों की होगी चांदी ही चांदी

श्री बांके बिहारी कॉरिडोर के निर्माण के साथ ही श्री राधा-कृष्ण की हरी भरी तपोस्थली वृंदावन के अलौकिक स्वरूप को और निखारने की तैयारी चल रही है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने कई महीनों की मेहनत के बाद वृंदावन के विकास की योजना तैयार की है। इसके साथ ही कॉरिडोर के आसपास न सिर्फ परिक्रमा मार्ग का पौराणिक स्वरूप और यमुना के प्राचीन घाटों का विकास होगा, बल्कि वन और उद्यान समेत कई जन सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही कृष्ण भक्त आध्यात्मिक भूमि पर अद्भुत आनंद की अनुभूति कर सकेंगे। जिला प्रशासन और ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने कॉरिडोर के साथ वृंदावन के विकास का खाका भी तैयार कर लिया है। दो दिन पहले पर्यटन सुविधा केंद्र में व्यापारियों के साथ बैठक करते हुए मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने भी यह जानकारी दी। इस योजना के तहत कॉरिडोर के सामने यमुना पर भव्य सिग्नेचर ब्रिज भी बनाया जाएगा, जो वृंदावन में यातायात की भीड़ को नियंत्रित करेगा। कॉरिडोर के पास यमुना रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए भी योजना तैयार की गई है। इसके साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए भी कई योजनाएं बनाई गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि कॉरिडोर के निर्माण से आध्यात्मिक नगरी वृंदावन में विकास कार्यों की नई श्रृंखला शुरू होगी। बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के निर्माण के बाद मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा। इससे इसके पर्यटन हब के रूप में विकसित होने का रास्ता भी साफ होगा। मौजूदा स्थिति के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या दोगुनी हो जाएगी।

Share this story

Tags