रिटायर्ड सूबेदार के घर में आग लगाने का VIDEO: बच्चों को लेकर दूसरी मंजिल से कूदा किराएदार, दोनों पैर टूटे; आरोपी बाइक से भागे
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र की शिवकुंज कॉलोनी में सोमवार देर रात रिटायर्ड नायब सूबेदार के मकान में आग लगाने का मामला सामने आया। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने मकान के निचले हिस्से में बने गोदाम में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग और धुआं ऊपर तक फैल गया। उस समय मकान में करीब सात लोग मौजूद थे। जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल पर रह रहा किराएदार अपने दो बच्चों को लेकर पड़ोसी की छत पर कूद गया। हादसे में उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
आग लगते ही मची चीख-पुकार
घटना भोला रोड स्थित शिवकुंज कॉलोनी की है। रिटायर्ड नायब सूबेदार नवनीत दूहन अपनी पत्नी के साथ मकान में रहते हैं। दूसरी मंजिल पर इटावा निवासी अश्वनी कुमार अपने पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए पर रहते हैं। मकान के निचले हिस्से में गोदाम बना हुआ है, जहां फूलों का काम किया जाता था।
सोमवार देर रात करीब एक बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही देर में मकान के अंदर धुआं भर गया। घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। नीचे से बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल होने पर परिवार के सामने जान बचाने की चुनौती खड़ी हो गई।
बच्चों को गोद में लेकर कूदा पिता
दूसरी मंजिल पर फंसे अश्वनी कुमार के दोनों बच्चे आग और धुएं से घबरा गए। जब उन्हें बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला तो अश्वनी ने दोनों बच्चों को गोद में उठाया और पड़ोसी की छत की ओर छलांग लगा दी।
इस दौरान अश्वनी के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पैरों पर प्लास्टर चढ़ाया गया। परिवार के अन्य सदस्य भी आग और धुएं की चपेट में आने से घायल हुए। रिटायर्ड सूबेदार नवनीत दूहन के भी झुलसने की जानकारी सामने आई है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
आग लगने के बाद सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। आरोप है कि दोनों मकान के पास पहुंचे और आग लगाने के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से मकान और उसमें रखा सामान काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया।
दो हजार रुपये के विवाद से जुड़ा मामला
पुलिस जांच में बाद में सामने आया कि आग लगाने की वजह कथित तौर पर दो हजार रुपये का विवाद था। पुलिस के अनुसार, मकान के गोदाम में फूलों का काम करने वाले सोनू का टेंट कारोबारी से दो हजार रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में सोनू को सबक सिखाने के लिए आग लगवाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों हर्ष उर्फ हनी और अभिनव वर्मा को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही पल्सर बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

