GeM पर यूपी बना अग्रणी राज्य, केंद्र सरकार ने यूपी मॉडल को सराहा, पीयूष गोयल ने योगी को लिखा पत्र

केंद्र सरकार ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश ने सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के जरिए खरीद में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन के लिए उसे केंद्र सरकार से भी प्रशंसा मिली है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर GeM के जरिए राज्य की सक्रिय भागीदारी और योगदान की खुलकर सराहना की है। साथ ही उन्होंने योगी सरकार के इस प्रयास को अन्य राज्यों के लिए आदर्श मॉडल भी बताया है। पत्र के साथ पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 5 वर्षों में GeM पर की गई खरीद का आंकड़ा भी दिया है, जिसके अनुसार राज्य सरकार ने 2020-21 से 2024-25 तक कुल 65,227 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद की है। उत्तर प्रदेश ने दिखाई लीडरशिप
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी को लिखे पत्र में कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5.43 लाख करोड़ रुपये के 72 लाख से अधिक खरीद ऑर्डर पूरे किए गए, जो देश की सार्वजनिक खरीद प्रणाली के लिए एक नया रिकॉर्ड है। GeM की स्थापना के बाद से अब तक 14 लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 2.9 करोड़ से अधिक ऑर्डर खरीदे जा चुके हैं। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार का योगदान बहुत महत्वपूर्ण रहा है। अब तक GeM पर 11,000 से अधिक उत्पाद श्रेणियां और 330 से अधिक सेवा श्रेणियां शामिल की जा चुकी हैं। पिछले पांच वित्तीय वर्षों में इस प्रणाली के तहत उत्तर प्रदेश के खरीदारों द्वारा की गई खरीद राज्य की तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता और नीतिगत दृढ़ता का प्रमाण है।
26 नवंबर 2024 को जारी हुआ आदेश
उन्होंने आगे लिखा, उत्तर प्रदेश सरकार ने 26 नवंबर 2024 को एक व्यापक सरकारी आदेश जारी किया, जो राज्य के खरीद नियमों को सामान्य वित्तीय नियम (GFR) 2017 और GeM के सामान्य नियम और शर्तों (GTC) के साथ पूरी तरह से संरेखित करता है। आदेश ने विभिन्न खरीद-संबंधी निर्देशों को समेकित किया और एक समग्र ढांचा प्रदान किया, खरीद प्रक्रियाओं को सरल बनाया और GeM को 100% अपनाने का मार्ग प्रशस्त किया। इस कदम से न केवल प्रशासनिक बोझ कम हुआ बल्कि पारदर्शिता, दक्षता और समावेशिता को भी बढ़ावा मिला।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश की यह पहल डिजिटल इंडिया की अवधारणा को साकार करने का एक जीवंत उदाहरण है। तकनीकी दृष्टिकोण और समावेशिता को क्रियान्वयन के साथ जोड़कर ही हम ऐसी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश का यह प्रयास अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा, जिससे GeM को पूरे देश में तेजी से अपनाया जाएगा। पीयूष गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि GeM को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश के प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'वन-स्टॉप डिजिटल मार्केटप्लेस' की अवधारणा को साकार कर रहे हैं।