उदयभान करवरिया की बेटी बनेंगी तिवारी हाता की बहू, विनय शंकर तिवारी के बेटे कंदर्प से हुई सगाई
उत्तर प्रदेश के दो चर्चित राजनीतिक परिवारों के बीच अब पारिवारिक रिश्ता जुड़ने जा रहा है। प्रयागराज के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया की बेटी साक्षी करवरिया की शादी गोरखपुर के तिवारी हाता परिवार में तय हुई है। पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के नेता विनय शंकर तिवारी के बेटे कंदर्प शंकर तिवारी और साक्षी की बुधवार, 25 नवंबर को देहरादून में सगाई हुई।
सगाई समारोह में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और सदस्य शामिल हुए। इस दौरान कंदर्प और साक्षी ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर नए रिश्ते की शुरुआत की। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद दोनों परिवारों के बीच जुड़ रहे इस रिश्ते की चर्चा शुरू हो गई है।
हरिशंकर तिवारी के पोते हैं कंदर्प
कंदर्प शंकर तिवारी पूर्वांचल के चर्चित नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के पोते हैं। उनके पिता विनय शंकर तिवारी चिल्लूपार विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2017 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। बाद में दिसंबर 2021 में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।गोरखपुर के धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता का पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रहा है। हरिशंकर तिवारी छह बार चिल्लूपार सीट से विधायक चुने गए थे। उनके परिवार की राजनीतिक पहचान गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में रही है।
प्रयागराज के करवरिया परिवार से हैं साक्षी
साक्षी करवरिया प्रयागराज के चर्चित करवरिया परिवार से आती हैं। वह उदयभान करवरिया की छोटी बेटी हैं। उदयभान करवरिया भाजपा के पूर्व विधायक रहे हैं। उन्होंने 2002 और 2007 में प्रयागराज की बारा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक का कार्यकाल संभाला था। उनकी पत्नी नीलम करवरिया भी मेजा विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। उनके बड़े भाई कपिल मुनि करवरिया फूलपुर से सांसद रहे हैं।
दो अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवारों में रिश्ता
इस सगाई की चर्चा की एक वजह दोनों परिवारों की अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि भी है। विनय शंकर तिवारी समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं, जबकि उदयभान करवरिया भाजपा के पूर्व विधायक हैं। ऐसे में पूर्वांचल और प्रयागराज की राजनीति में पहचान रखने वाले इन दोनों परिवारों के बीच रिश्तेदारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा हो रही है।फिलहाल दोनों की सगाई हो चुकी है। शादी की तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में शादी 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद होने की बात कही गई है।

