यूपी में कांवड़ यात्रा के दौरान दो घटनाओं से हड़कंप, वीडियो में देंखे मेरठ में कांवड़ खंडित होने पर मारपीट, लखनऊ में स्कूल वैन में तोड़फोड़
उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार और मंगलवार को सामने आई दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मेरठ में कांवड़ खंडित होने के बाद दो कांवड़िया गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जबकि लखनऊ में कांवड़िए के वेश में आए कुछ युवकों पर स्कूल वैन में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मेरठ में बाइक की टक्कर से खंडित हुई कांवड़
मेरठ में कुछ कांवड़िए सड़क किनारे अपनी कांवड़ के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान हरिद्वार से जल लेने जा रहे बाइक सवार दो कांवड़ियों की बाइक कथित तौर पर वहां रखी कांवड़ से टकरा गई। टक्कर के कारण कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने बाइक सवार सोनू और उसके साथी को पूछताछ के लिए जीप में बैठाया, लेकिन इसी दौरान कुछ कांवड़ियों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।
पुलिस टीम पर भी हमला
मेरठ के एसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, पुलिस जब आरोपितों को लेकर जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने उन्हें वाहन से खींचकर पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। घटना में एक सिपाही के हाथ, कंधे और चेहरे पर चोटें आई हैं।पुलिस ने स्थिति पर जल्द काबू पा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लखनऊ में स्कूल वैन पर हमला
राजधानी लखनऊ के चौक क्षेत्र स्थित चरक चौराहे पर सोमवार सुबह एक और घटना सामने आई। बाइक सवार कुछ युवकों ने एक स्कूल वैन में तोड़फोड़ कर दी। घटना के समय वैन में मौजूद बच्चे घबरा गए और चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे। हालात बिगड़ते देख वैन चालक भी मौके से हट गया।स्थानीय लोगों के जुटने पर हमलावर वहां से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब जांच का अहम आधार बना हुआ है।
पुलिस बोली- कांवड़िए के भेष में थे हमलावर
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कूल वैन और बाइक के बीच हल्की टक्कर के बाद विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है और वे कांवड़िए के भेष में आए युवक थे।पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शांति बनाए रखने की अपील
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से संयम बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

