कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा, ट्रेनी पायलट घायल
उत्तर प्रदेश के कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। 26 जून (शुक्रवार) की रात ट्विन इंजन विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद एक ट्रेनी पायलट हादसे का शिकार हो गई।
जानकारी के अनुसार, लैंडिंग के बाद इंजन पूरी तरह बंद होने से पहले ही ट्रेनी पायलट विमान से नीचे उतर गई। इसी दौरान वह चल रहे प्रोपेलर (पंखे) की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पायलट की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत उसे मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई और अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन का परिणाम मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि आखिर ट्रेनिंग के दौरान इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।एविएशन अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

