ताजमहल की खूबसूरती से मंत्रमुग्ध हुईं टिफनी ट्रम्प, वीडियो में देंखे संगमरमर और नक्काशी को लेकर पूछे सवाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प शनिवार को अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ आगरा पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया और करीब एक घंटे तक स्मारक परिसर में समय बिताया। ताजमहल की भव्यता और अद्भुत कारीगरी को देखकर टिफनी काफी प्रभावित नजर आईं।
ताजमहल की खूबसूरती ने खींचा ध्यान
ताजमहल भ्रमण के दौरान टिफनी ट्रम्प ने स्मारक के इतिहास और निर्माण कला में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने गाइड रमेश दीवान से ताजमहल में इस्तेमाल किए गए संगमरमर और उसकी बारीक नक्काशी के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
टिफनी ने पूछा कि ताजमहल में लगे संगमरमर कहां से लाए गए थे और इतनी सुंदर नक्काशी किस तरह की गई। इस पर गाइड ने उन्हें बताया कि ताजमहल के निर्माण में उपयोग किया गया संगमरमर भारत का ही है और इसे देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त किया गया था।
विदेशी देशों से मंगाए गए थे कीमती पत्थर
गाइड रमेश दीवान ने यह भी बताया कि ताजमहल की दीवारों और सजावट में इस्तेमाल किए गए कई कीमती और अर्ध-कीमती पत्थर भारत के अलावा अफ्रीका, यमन समेत विभिन्न देशों से मंगाए गए थे। इन्हीं रंग-बिरंगे पत्थरों की जड़ाई और बारीक नक्काशी ताजमहल को दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारतों में शामिल करती है।
पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना दौरा
टिफनी ट्रम्प और माइकल बॉऊलोस के ताजमहल दौरे को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों ने स्मारक परिसर का भ्रमण किया और इसकी ऐतिहासिक तथा वास्तुकला संबंधी विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। ताजमहल दुनिया के सात अजूबों में शामिल है और हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटक इसकी सुंदरता को देखने आगरा पहुंचते हैं। टिफनी ट्रम्प का यह दौरा भी इसी कड़ी में चर्चा का विषय बन गया है।

