दिल्ली में मौसम बना 'बेईमान', न कोहरा न सर्दी का असर, जाने देश में कैसा है अन्य राज्यों के मौसम का हाल ?
दिल्ली का मौसम सभी को हैरान कर रहा है; जिस मौसम में आमतौर पर कड़ाके की ठंड पड़ती है, इस बार वैसे कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। दिल्ली में दिसंबर जैसी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है, और दो-तीन दिन की धुंध के बाद, वह भी आसमान से गायब हो गई है। आने वाले दिनों में दिल्ली में बहुत ज़्यादा ठंड पड़ने का कोई अनुमान नहीं है। 17 दिसंबर से लगातार छह दिनों तक हल्की धुंध रहने की उम्मीद है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में अयोध्या से गोरखपुर तक घना कोहरा छाया हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अलीगढ़ और मथुरा से आगरा तक यही स्थिति है। आगरा में, सुबह के समय ताजमहल भी घने कोहरे से ढका हुआ था, और दोपहर में ही कोहरा छटा। खराब मौसम के कारण अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कम हो गई है। यूपी में ठंड से राहत देने के लिए सड़कों के किनारे अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बेघर लोगों और रात में गाड़ी चलाने वालों को नाइट शेल्टर में भी गर्मी मिलेगी।
यूपी और मध्य प्रदेश में घना कोहरा
17 से 20 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की प्रबल संभावना है। सुबह के समय उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। अगले तीन दिनों तक तेलंगाना और कर्नाटक में शीतलहर चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और मेघालय में भी घना कोहरा छाया रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ अलर्ट
17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के लिए पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट जारी किया गया है। 18 से 22 दिसंबर के बीच जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। 20 और 21 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश में और 20 और 21 दिसंबर को उत्तराखंड और पंजाब में भी बारिश संभव है। पूर्वोत्तर में मेघालय में ओलावृष्टि की संभावना है।
तापमान में और बढ़ोतरी होगी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले 4 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। 17 से 20 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और 17 से 19 दिसंबर तक मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाने की उम्मीद है। 17 दिसंबर को UP के कुछ हिस्सों में और 18 दिसंबर को कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा छा सकता है। 17-18 दिसंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में भी घना कोहरा छाने की संभावना है।

