खत्म हुआ इंतजार...यूपी में इस दिन दस्तक देगा मानसून, जानें आगरा में कब होगी पहली तेज बारिश

प्री-मानसून की बारिश ने लोगों को भिगो दिया है, अब बारी है मानसून की। पूर्वी उत्तर प्रदेश को भिगोता हुआ मानसून शुक्रवार को आगरा में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने 20 से 22 जून तक आगरा में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस बार मानसून के पूर्व की बजाय दक्षिण से आगरा में प्रवेश करने की उम्मीद है। बुधवार को आगरा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। मंगलवार को दिन में 39 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि बुधवार को दिन में उमस रही। दिन में कई बार बादल छाए, लेकिन बूंदाबांदी या बारिश नहीं हुई। तेज धूप ने उमस बढ़ा दी, जिससे लोग दिनभर पसीने से तरबतर रहे। दिन में आर्द्रता 94 फीसदी रही। विज्ञापन
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना है। 20 जून को मानसून के आगरा पहुंचने की संभावना है। आगरा में मानसून आने की निर्धारित तिथि 26 जून है, लेकिन इस बार इसके छह दिन पहले आगरा पहुंचने की उम्मीद है।