विराट कोहली की लखनऊ में एंट्री से बढ़ा IPL क्रेज, वीडियो में देंखे इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र के दौरान फैंस की भारी भीड़
Virat Kohli के लखनऊ पहुंचने के साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। आगामी मुकाबले में Lucknow Super Giants के खिलाफ होने वाले मैच से पहले कोहली ने 5 मई को Ekana Cricket Stadium में करीब दो घंटे तक जोरदार अभ्यास किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंच गए।
अभ्यास सत्र के दौरान विराट कोहली ने जमकर बल्लेबाजी की और लंबे-लंबे छक्के लगाए। नेट्स में उनकी टाइमिंग और शॉट चयन को देखकर फैंस उत्साहित नजर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भी काफी देर तक अभ्यास किया, जिससे उनकी तैयारी और फॉर्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कोहली ने पूरे मैदान में दौड़ लगाकर फिटनेस पर भी जोर दिया। उनका यह अभ्यास सत्र पूरी तरह से हाई-इंटेंसिटी रहा, जिसमें उन्होंने हर तरह की गेंदबाजी का सामना किया और अपने शॉट्स का शानदार प्रदर्शन किया।
स्टेडियम के बाहर और अंदर दोनों जगह फैंस की भारी भीड़ देखने को मिली। कोहली की एक झलक पाने के लिए समर्थक घंटों पहले ही इकाना स्टेडियम के आसपास जमा हो गए थे। कई फैंस ने उनके नाम के पोस्टर और बैनर भी साथ लाए, जिससे माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो गया।
सिर्फ स्टेडियम ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी विराट कोहली ट्रेंड कर रहे हैं। उनके अभ्यास सत्र के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन पर लाखों की संख्या में प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
इस मुकाबले को लेकर टिकटों की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारी डिमांड के चलते टिकटों के दामों में लगभग दोगुना तक की बढ़ोतरी देखी गई है, फिर भी बिक्री पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा है। फैंस महंगे टिकट खरीदने के लिए भी तैयार नजर आ रहे हैं।
ऑनलाइन टिकटों की कीमतें करीब 2,000 रुपये से शुरू होकर 50,000 रुपये तक पहुंच रही हैं, जो इस मैच को लेकर उत्साह को साफ तौर पर दर्शाता है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि कोहली की लोकप्रियता और लखनऊ में उनके खेलने का रोमांच इस भारी डिमांड का मुख्य कारण है।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ की दौड़ में हर मैच निर्णायक भूमिका निभा रहा है। ऐसे में विराट कोहली का फॉर्म और उनका प्रदर्शन मैच का रुख तय करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
फिलहाल लखनऊ में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह से जोश से भरा हुआ है और फैंस बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब कोहली मैदान पर उतरकर एक बार फिर अपने बल्ले से धमाका करेंगे।

