बेरहमों को दया भी न आई: बीमार बुजुर्ग को सड़क किनारे फेंका... चादर से ढककर भागे, टूट गई सांसें, वीडियो में देखें खौफनाक मंजर
यूपी के अयोध्या में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहाँ एक बुजुर्ग महिला को उसके परिजन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। बाद में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
रामनगरी अयोध्या में मानवता शर्मसार–
— Manjeet Ghoshi (@ghoshi_manjeet) July 24, 2025
2 महिला और 1 पुरुष, एक बुजुर्ग महिला को ईरिक्शा में लाए और छोड़कर चले गए
क्या माता पिता इस दिन के लिए आपने बच्चो को पैदा करते है पालते पोसते है कलयुग आपने चरम पर है pic.twitter.com/E8NRm8X3Tz
बता दें कि मामला थाना कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के किशुनदासपुर का है। यहाँ कुछ लोग रात के अंधेरे में एक बुजुर्ग महिला को ई-रिक्शा में लादकर लाए और फिर उसे सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़ गए। इस काम में महिलाएं भी शामिल थीं। यह शर्मनाक घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक बुजुर्ग महिला को ई-रिक्शा में लादकर किशुनदासपुर के पास फेंक दिया गया। महिला को कंबल से ढकने के बाद रिक्शा चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और महिला को तुरंत दर्शननगर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला की हालत बेहद गंभीर थी, फिर भी उसके परिवार वाले उसे लावारिस छोड़कर चले गए। पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
इस संबंध में एसपी नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। बहुत जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा। इस अमानवीय कृत्य को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से परिवार की तलाश जारी रखे हुए है। वहीं, इस घटना से पूरे शहर में आक्रोश फैल गया है।

