Samachar Nama
×

आगरा में टीचर की हत्या का खुलासा, वीडियो में जाने पूर्व छात्रा के बॉयफ्रेंड ने किया था कत्ल; बोर्ड पर लिखा- 'रेपिस्ट'

आगरा में टीचर की हत्या का खुलासा, वीडियो में जाने पूर्व छात्रा के बॉयफ्रेंड ने किया था कत्ल; बोर्ड पर लिखा- 'रेपिस्ट'

उत्तर प्रदेश के आगरा में कोचिंग संचालक ओमप्रकाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आरोप है कि टीचर की हत्या उनकी कोचिंग में पहले पढ़ने वाली एक छात्रा के बॉयफ्रेंड निखिल ने की थी। उसे शक था कि टीचर उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं। इसी बात को लेकर वह टीचर से बातचीत करने पहुंचा था। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

आरोप है कि झगड़े के दौरान टीचर ने निखिल के साथ मारपीट की। इससे गुस्साए निखिल ने मटन काटने वाले चाकू से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद उसने टीचर का गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कोचिंग के बोर्ड पर मार्कर से 'ओपी यादव रेपिस्ट' लिख दिया और मौके से फरार हो गया।

पिज्जा खाते देखकर हुआ था शक

पुलिस जांच के मुताबिक, निखिल ने अपनी गर्लफ्रेंड को टीचर ओमप्रकाश यादव के साथ पिज्जा खाते हुए देख लिया था। इसके बाद उसे शक हुआ कि टीचर उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं। इसी शक के चलते वह टीचर से बात करने पहुंचा था।बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई और फिर निखिल ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी टीचर का मोबाइल फोन और स्कूटी भी अपने साथ ले गया।

चार दिन बाद बेसमेंट में मिला था शव

ओमप्रकाश यादव की हत्या के चार दिन बाद उनका शव कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में मिला था। शव पर गहरे जख्म थे और गला कटा हुआ था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और हत्या से जुड़े सुराग जुटाने के लिए टीचर के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली।जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर सामने आया, जिससे ओमप्रकाश यादव की लगातार बातचीत होती थी। पुलिस ने इस नंबर की पड़ताल की तो पता चला कि यह उनकी कोचिंग में पहले पढ़ चुकी एक छात्रा का था। इसके बाद पुलिस ने छात्रा और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की।

पहले छात्रा को भी बनाया था आरोपी

हत्या की शुरुआती जांच में पुलिस ने पूर्व छात्रा को भी आरोपी बनाया था। हालांकि, आगे की पड़ताल में छात्रा की इस वारदात में कोई भूमिका सामने नहीं आई। इसके बाद जांच का रुख उसके बॉयफ्रेंड निखिल की ओर गया।पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, निखिल ने शक और विवाद के चलते टीचर की हत्या की थी। वारदात के बाद कोचिंग के बोर्ड पर आपत्तिजनक संदेश लिखना और टीचर का मोबाइल व स्कूटी लेकर भागना भी जांच का हिस्सा है।फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के तहत आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story

Tags