Samachar Nama
×

मेरठ में पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी उजैद, जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर हमले की तैयारी का आरोप; पाकिस्तानी हैंडलर से था संपर्क

s

उत्तर प्रदेश के मेरठ में सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी को गिरफ्तार किया है। उस पर जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमला करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उजैद पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार संदिग्ध मोहम्मद साजिद के संपर्क में था। गिरफ्तारी के बाद उससे एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीमों ने पूछताछ की है।

उजैद मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। सोमवार शाम उसे गिरफ्तार किया गया। उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। जांच एजेंसियां मोबाइल में मिली संदिग्ध व्हाट्सएप चैट और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।

मोहम्मद साजिद से छह महीने से था संपर्क

जांच एजेंसियों के मुताबिक, उजैद पिछले करीब छह महीने से जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। दोनों सोशल मीडिया के जरिए बातचीत करते थे। साजिद को 27 नवंबर 2025 को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर सेना पर फिदायीन हमला करने की तैयारी का आरोप है।

पूछताछ के दौरान साजिद के संपर्क में उजैद का नाम सामने आया था। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। आरोप है कि बातचीत के दौरान उजैद ने भी फिदायीन हमला करने के लिए तैयार होने की बात कही थी।

पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से संपर्क का आरोप

जांच में उजैद के पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में होने की बात सामने आई है। एजेंसियों को उसके पाकिस्तान के कई मोबाइल नंबरों से संपर्क होने के भी इनपुट मिले हैं। अब जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि वह किस तरह इस नेटवर्क से जुड़ा और उसे किसके निर्देश मिल रहे थे।

उस पर युवाओं का ब्रेनवॉश करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश करने का भी आरोप है। जांच एजेंसियां उसके सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ग्रुप और डिजिटल बातचीत की जांच कर रही हैं।

जनवरी में घर पर छापेमारी के दौरान हुआ था फरार

बताया जा रहा है कि 18 जनवरी 2026 को जम्मू-कश्मीर पुलिस और यूपी एटीएस की टीम उजैद की तलाश में मेरठ स्थित उसके घर पहुंची थी। हालांकि, उस समय वह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने घर के बाहर नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद उजैद के वहां पहुंचने और नोटिस देखकर फरार होने की बात सामने आई थी।

एयरबेस हमले की साजिश की जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उजैद से उसके कथित पाकिस्तानी संपर्कों, मोहम्मद साजिद के साथ बातचीत और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की योजना से जुड़े सवालों पर पूछताछ कर रही हैं। फिलहाल मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस कथित नेटवर्क में उजैद के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Share this story

Tags