यूपी में CJP के समर्थन में सड़कों पर उतरे छात्र और वकील, प्रयागराज में जुलूस; फुटेज में जाने मेरठ में शिक्षा मंत्री की प्रतीकात्मक अर्थी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन और NEET पेपर लीक मामले को लेकर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदेश के कई जिलों में छात्र, वकील और राजनीतिक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। प्रयागराज, मेरठ और लखीमपुर खीरी समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
प्रयागराज में वकीलों का जुलूस
प्रयागराज में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने कहा कि जिन छात्रों पर लाठियां बरसाई गईं, वे देश का भविष्य हैं और उनके साथ हुई कार्रवाई स्वीकार नहीं की जा सकती।प्रदर्शनकारियों ने कहा, "जिन पर लाठियां बरसाई गईं, वे हमारे बच्चे हैं। अब लड़ाई सड़कों पर होगी।" वकीलों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
मेरठ में निकाली गई प्रतीकात्मक अर्थी
मेरठ में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के विरोध में प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
लखीमपुर में छात्रों का अनोखा विरोध
लखीमपुर खीरी में छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। छात्र हाथों में तिरंगा और पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां उपजिलाधिकारी (SDM) को गुलाब का फूल भेंट कर अपनी नाराजगी जताई। छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना है।
पेपर लीक को लेकर जारी है आंदोलन
NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। विपक्षी दल भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को लगातार घेर रहे हैं और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।दूसरी ओर, केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून लाने की बात कह चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

