ट्यूशन पढ़ने घर आती थी छात्रा, शिक्षिका के पति ने किया दुष्कर्म, न्यूड वीडियो भी बनाया

ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में शिक्षिका प्रियंका के पति अभिषेक नागर जो कि एक छात्रा को ट्यूशन पढ़ाता था, ने उसके साथ दुष्कर्म किया। शिक्षिका और उसके पति ने छात्रा का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी दी तथा उससे नकदी और जेवरात भी छीन लिए। पुलिस ने पीड़िता की मां की ओर से शिक्षिका प्रियंका और उसके पति अभिषेक नागर के खिलाफ पोक्सो और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। आरोपी अभिषेक नागर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शिक्षक की तलाश जारी है। एएसपी अंतरिक्ष जैन के अनुसार पीड़ित छात्रा की मां ने बुधवार को ब्रह्मपुरी थाने में मामला दर्ज कराया। उसने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी शिक्षिका प्रियंका के पास ट्यूशन पढ़ने जाती थी। आरोप है कि कुछ माह पहले प्रियंका और उसके पति अभिषेक नागर ने छात्रा के बाथरूम जाते समय उसका फोटो खींच लिया और उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया और अभिषेक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वीडियो बनाने के बाद उन्होंने छात्रा को धमकाया और घर में रखे लाखों रुपये और जेवरात भी छीन लिए। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे। बाद में आरोपी यहां से अपना घर छोड़कर जागृति विहार में रहने लगे। पीड़िता ने जब परिजनों को आपबीती बताई तो इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ।
चाचा ने पांच साल की बच्ची से किया दुष्कर्म
पल्लवपुरम क्षेत्र में बुधवार रात एक चाचा ने शराब के नशे में अपनी पांच साल की भतीजी से दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े तो आरोपी भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जाता है कि रात करीब नौ बजे बच्चे बाहर खेल रहे थे, तभी उनकी मां बाजार से सामान खरीदने गई थी। पांच साल की बच्ची कमरे में सो रही थी। तभी आरोपी चाचा नशे की हालत में घर पहुंचा और बच्ची को अकेला सोता देख उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब अन्य बच्चे घर पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।