Lucknow में जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कुल 435 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम प्रशासन ने इस संबंध में संबंधित थानों को तहरीर भेज दी है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका था और कार्य के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारियों के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया है।
इस पूरे मामले को लेकर अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तैयार कर District Magistrate Lucknow को भी भेज दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना कार्य की समयबद्धता और शुचिता बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह कदम अन्य कर्मचारियों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल संबंधित थानों में मामले की आगे की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर अन्य विभागों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

