Samachar Nama
×

सपा सांसद की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा: संतकबीर नगर में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल; डीजे जब्त करने पर भड़की भीड़

सपा सांसद की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा: संतकबीर नगर में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल; डीजे जब्त करने पर भड़की भीड़

उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर में शुक्रवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हो गया। बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा गांव के पास लेडुआ महुआ चौराहे पर भीड़ ने समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को घेर लिया। इस दौरान वाहन पर पथराव और तोड़फोड़ की गई, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया। सांसद के मुताबिक, वह घटना में बाल-बाल बचे।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल डीजे को लेकर हुई। पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजने पर कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन को रोक लिया और उसे थाने ले जाने की तैयारी की। इससे जुलूस में शामिल लोग नाराज हो गए। लोगों ने विरोध में सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रतिमा का विसर्जन रोक दिया।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद का काफिला वहां से गुजर रहा था। भीड़ के बीच सांसद की गाड़ी फंस गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वाहन को घेर लिया और कथित तौर पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में गाड़ी का एक शीशा टूट गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सांसद को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद सांसद अपने समर्थकों के साथ बखिरा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी संदीप कुमार मीना के अनुसार, सांसद की ओर से शिकायत मिली है और गाड़ी को घेरने तथा तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांत बताई जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

संतकबीर नगर के बखिरा कस्बे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई थी। रिपोर्टों के अनुसार, कस्बे और आसपास की 24 प्रतिमाएं विसर्जन के लिए जुलूस में शामिल थीं। डीजे को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ समय के लिए विसर्जन और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को संभाला गया।

Share this story

Tags