प्रतापगढ़ जाने से पहले सपा विधायक त्रिभुवन दत्त हाउस अरेस्ट, पुलिस कस्टडी में मौत मामले की जांच के लिए जा रहे थे
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में कथित पुलिस कस्टडी में शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर मामले की जांच के लिए प्रतापगढ़ जा रहे आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। विधायक के घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया और उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
बताया गया कि सपा नेतृत्व ने विधायक त्रिभुवन दत्त को प्रतापगढ़ भेजकर मृतक शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन के परिवार से मुलाकात करने और पूरे मामले की जानकारी लेने के निर्देश दिए थे। विधायक इसी सिलसिले में प्रतापगढ़ के लिए रवाना होने वाले थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद विधायक त्रिभुवन दत्त ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने और मामले की जानकारी लेने से रोकना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए उचित नहीं है। विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।
सपा की ओर से भी पुलिस कस्टडी में हुई कथित मौत को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पार्टी ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और घटना की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाया जाए। सपा नेताओं का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
वहीं, पुलिस की ओर से हाउस अरेस्ट किए जाने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। मामले में पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

