यूपी के फर्रुखाबाद में गंगा स्नान करते समय छह लोग डूबे, पांच की मौत, एक को बचाया गया

यूपी के फर्रुखाबाद जिले में अलग-अलग स्थानों पर गंगा में नहाते समय डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। एक की जान गोताखोरों ने बचा ली। कायमगंज में चचेरे भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
गंगा में पहानवान उठाते समय युवक डूबा
शमसाबाद में गंगा नदी में पहानवान उठाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने एक घंटे बाद युवक को बाहर निकाला। मैनपुरी जिले के गांव कुचेला निवासी राजू चौहान का पुत्र शीलू (21) मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव दाउदपुर निवासी अपने मामा बृजेश कुमार के घर रहता था। दाउदपुर निवासी सत्यराम पाल और शीलू ट्रैक्टर लेकर गंगा में पहानवान उठाने के लिए ढाईघाट आए थे। पहानवान उठाते समय शीलू डूब गया। गोताखोरों ने एक घंटे बाद शीलू को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कायमगंज सीओ संजय वर्मा ने बताया कि मामा बृजेश बिना कोई कार्रवाई किए भांजे का शव लेकर घर चले गए थे।
गंगा में नहाते समय किशोर डूबा
शमसाबाद में गंगा में नहाते समय किशोर डूब गया। वजीरगंज जिले के गोंडा थाना क्षेत्र के कदरा गांव निवासी मुनीम का 17 वर्षीय पुत्र सत्यम अपने चाचा दलवीर व चाची पूजा के साथ ढाईघाट पर गंगा दशहरा पर स्नान करने आया था। परिजनों के अनुसार नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया। चाचा-चाची ने शोर मचाया तो गोताखोर पहुंचे। करीब 50 मिनट बाद किशोर को गंगा से बाहर निकाला गया और सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर के चाचा दलवीर व चचेरे भाई राजेश अपने परिवार के साथ जलालाबाद में रत्न व प्लास्टिक चटाई का कारोबार करते हैं। चाचा दलवीर ने बताया कि मृतक के पिता गोंडा में किसान हैं। भतीजा सत्यम उनके साथ रहता था।
गंगा में दो चचेरे भाई डूबे, एक को बचाया गया
कायमगंज में गंगा दशहरा पर गंगा स्नान करने गए तीन युवकों में से दो डूब गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एक को बचा लिया। हादसा गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सिनौली गंगा घाट पर हुआ। गांव नगला बीरबल निवासी सचिन उर्फ छवि (19) पुत्र श्यामवीर सिंह यादव और रमन (20) पुत्र रघुवीर सिंह यादव दोनों चचेरे भाई शहर के मोहल्ला दत्तू नगला में किराए के मकान में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। अलीगढ़ जिले के थाना दादों क्षेत्र के गांव मेवा नगला निवासी जोगिंदर (25) भी उनके साथ तैयारी कर रहा था। जोगिंदर सिनौली का छात्र है। वह दोनों को प्रशिक्षण दे रहा था। गुरुवार सुबह दोनों युवक अपने गुरु (जोगिंदर) के साथ गंगा स्नान करने सिनौली घाट पहुंचे। घाट पर प्रशासन की ओर से कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। दोनों युवक अस्थाई घाट पर एक साथ नहाने उतरे तो तेज बहाव में बह गए। सचिन ने कहा गुरु मुझे बचा लो और जोगिंदर उस पर कूद पड़ा। वह भी तेज बहाव में बह गया। चीख पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत तौलिया फेंककर जोगिंदर को बचा लिया, लेकिन सचिन और रमन बह गए।
प्रभारी निरीक्षक अनुराग मिश्रा गोताखोरों और टीम के साथ पहुंचे। करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद दोनों युवकों के शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर पानी के अंदर मिले। दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर गुस्सा भी जताया। एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों की मौत से परिवार बेहद दुखी है।
दोस्तों के साथ गंगा नहाने गया बीएससी का छात्र डूबा, मौत
परिवार के साथ गंगा नहाने के बाद दोस्तों के साथ गंगा नहाने गया बीएससी का छात्र डूब गया। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। लोहिया अस्पताल के डॉक्टर ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। पिता अजय पाल ने बताया कि उनका बेटा मोहम्मदाबाद स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस में रहने वाले अजय पाल का बेटा विनय यादव (21) गंगा दशहरा की सुबह अपनी मां मिथिला देवी और बहन के साथ गंगा स्नान करने गया था। गंगा स्नान के बाद वह घर लौट आया। इसके बाद उसके दोस्त उसे दोबारा गंगा स्नान कराने ले गए। बरगदियाघाट पर गंगा में नहाते समय विनय गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने विनय की तलाश की। करीब आधे घंटे बाद विनय को बाहर निकाला गया। उसके पिता अजय पाल और अन्य परिजन बरगदियाघाट पहुंचे। विनय को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।