सहारनपुर कलेक्ट्रेट की 70 साल पुरानी मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई, फुटेज में जाने 70% हिस्सा ढहाया; इकरा हसन हाउस अरेस्ट
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी करीब 70 साल पुरानी मस्जिद को ढहाने की कार्रवाई शनिवार तड़के शुरू हुई। प्रशासन की टीम सुबह करीब 4 बजे छह बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। इसके बाद मस्जिद को गिराने का काम शुरू किया गया। अब तक मस्जिद का करीब 70 फीसदी हिस्सा ढहाया जा चुका है। प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
6 बुलडोजर से तोड़ी जा रही मस्जिद
मस्जिद को गिराने के लिए छह बुलडोजर लगाए गए हैं। कार्रवाई शुरू होने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। किसी भी व्यक्ति को मस्जिद के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।एहतियात के तौर पर मौके पर 5 कंपनी PAC, RAF और करीब 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है।बताया गया है कि यह कार्रवाई मजिस्ट्रेट के आदेश पर की जा रही है। प्रशासन के मुताबिक, कोर्ट ने मस्जिद को अवैध घोषित किया था। इसी आदेश के आधार पर परिसर में बनी संरचना को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार रात अफवाह के बाद जुटी भीड़
मस्जिद को ढहाने की कार्रवाई से पहले शुक्रवार रात करीब 11 बजे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह अफवाह फैल गई कि प्रशासन रात में ही मस्जिद तोड़ने वाला है। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को वहां से हटाया। इसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि, शनिवार तड़के करीब 4 बजे प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
इकरा हसन हाउस अरेस्ट
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद सहारनपुर आ रहीं कैराना सांसद इकरा हसन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। इस दौरान सांसद की पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई।इकरा हसन ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि उन्हें इस तरह रोका नहीं जा सकता। कार्रवाई का विरोध करने के लिए उनके सहारनपुर पहुंचने की खबर के बाद पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी।
मायावती ने कार्रवाई रोकने की मांग की
मस्जिद को गिराने की कार्रवाई पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में इस तरह की कार्रवाई करना ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार से कार्रवाई को तुरंत रुकवाने की मांग की।वहीं, सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद शुक्रवार रात फेसबुक लाइव आए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे आगे चलकर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस मामले के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया जाएगा।इसके बावजूद शनिवार सुबह प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल मस्जिद का बड़ा हिस्सा ढहाया जा चुका है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन की कार्रवाई के बीच इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी रखी गई है।

