Samachar Nama
×

राम मंदिर ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला संभव; चढ़ावा चोरी मामले में CCTV से मिले अहम सुराग

राम मंदिर ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला संभव; चढ़ावा चोरी मामले में CCTV से मिले अहम सुराग

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली बैठक होने जा रही है। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला लिया जा सकता है। वहीं, पुलिस जांच में चोरी के मामले से जुड़े अहम सुराग भी हाथ लगे हैं।

राम मंदिर परिसर में होगी ट्रस्ट की बैठक

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक सोमवार दोपहर 3 बजे होगी। पहले यह बैठक मणिरामदास छावनी में प्रस्तावित थी, लेकिन रविवार देर रात इसका स्थान बदलकर राम मंदिर परिसर कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा कारणों और मीडिया की भीड़ से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है।

चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला संभव

बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा को भी बुलाया गया है। दोनों ने 26 जून को अपने इस्तीफे सौंप दिए थे। सूत्रों का दावा है कि बैठक में दोनों के इस्तीफे स्वीकार किए जा सकते हैं। वर्ष 2020 में ट्रस्ट के गठन के बाद अब तक होने वाली सभी बैठकों का संचालन चंपत राय ही करते रहे हैं।

चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मंदिर परिसर से नकदी को मोजों और जेब में छिपाकर बाहर ले जाते थे, ताकि किसी को शक न हो।

डिलीट किए गए CCTV फुटेज हुए रिकवर

पुलिस ने आईटी विशेषज्ञों की मदद से डिलीट किए गए CCTV फुटेज को रिकवर कर लिया है। शुरुआती जांच में फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां और कथित चोरी की घटना कैद होने की बात सामने आई है। हालांकि, वीडियो में आरोपियों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। पुलिस फुटेज की गुणवत्ता बेहतर कराने और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

बैठक पर रहेगी सबकी नजर

चढ़ावा चोरी के मामले और ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों के इस्तीफे के बीच होने वाली यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर राम मंदिर ट्रस्ट की आगे की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिल सकते हैं।

Share this story

Tags