राजा भैया बोले- मैं देखना चाहता था कौन रोकेगा, इसलिए खुद कार चलाकर धीरेंद्र शास्त्री को कुंडा लाया: रामकथा के आखिरी दिन दिया बयान, बाबा बोले- जात-पात की करो विदाई
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के यहां आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय रामकथा का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतिम दिन राजा भैया ने बताया कि वह प्रयागराज एयरपोर्ट से खुद कार चलाकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर को कुंडा क्यों लेकर आए थे। उन्होंने कहा, "मैं देखना चाहता था कि कौन रोकेगा, इसलिए बाबा बागेश्वर को प्रयागराज से कुंडा तक खुद कार चलाकर लाया।"
राजा भैया के इस बयान के बाद रामकथा के आयोजन और उनके कार चलाकर धीरेंद्र शास्त्री को लाने का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया। वहीं, कथा के समापन के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सामाजिक एकता, जात-पात और सनातन धर्म को लेकर अपनी बात रखी।
प्रशासन को नहीं दी थी सड़क मार्ग से आने की जानकारी
राजा भैया ने बताया कि जब धीरेंद्र शास्त्री प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे तो वह खुद उनका स्वागत करने गए थे। वह चाहते तो बाबा को हेलीकॉप्टर से भी कुंडा ला सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। राजा भैया ने कहा कि वह जानना चाहते थे कि उन्हें सड़क मार्ग से लाने पर कौन रोकने वाला है।
उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई थी कि वे सड़क मार्ग से कुंडा आएंगे। राजा भैया के मुताबिक, रास्ते में उन्हें कोई रोकने वाला नहीं मिला।उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को धीरेंद्र शास्त्री के कुंडा आने से परेशानी क्यों है, इस पर विचार करने की जरूरत है। राजा भैया ने कहा कि बाबा हिंदुओं को एक करने और जात-पात का भेदभाव खत्म करने की बात करते हैं। संभव है कि यही बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आती।
बाबा बोले- जात-पात की करो विदाई, हम सभी हिंदू भाई-भाई
रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सामाजिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में जात-पात के भेदभाव को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "जात-पात की करो विदाई, हम सभी हिंदू भाई-भाई।"शास्त्री ने कहा कि समाज में राजा और प्रजा का भेद किए बिना सभी लोगों को एक साथ बैठना चाहिए। कथा के पहले दिन वाल्मीकि समाज की आरती के माध्यम से भी सामाजिक एकता का संदेश दिया गया था। आयोजन में अलग-अलग वर्गों और समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
बाबा बोले- सनातनी बचेगा तो देश बचेगा
कथा के समापन के बाद कुंडा से रवाना होते समय धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन धर्म के अनुयायियों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश और धर्म की रक्षा के लिए सनातनियों का एक होना जरूरी है।उन्होंने कहा, "सनातनी बचेगा तो देश बचेगा, सनातनी बचेगा तो धर्म बचा रहेगा और सनातनी बचेगा तो ही संविधान की रक्षा होगी।"उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी ताकतें देश और हिंदुओं को बांटने में लगी हैं। ऐसे में सभी सनातनियों को एकजुट रहने का संकल्प लेना चाहिए।
राजा भैया खुद कार चलाकर हेलीपैड तक छोड़ने पहुंचे
चार दिवसीय रामकथा 17 से 20 नवंबर तक कुंडा के बेंती राजभवन के पास आयोजित की गई थी। समापन के बाद राजा भैया ने एक बार फिर खुद कार की कमान संभाली और धीरेंद्र शास्त्री को हेलीपैड तक छोड़ने पहुंचे। रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर बाबा का स्वागत किया।हेलीपैड पर दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री को विदाई दी।
अखिलेश यादव के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों को लेकर भी सवाल पूछे गए। इस पर उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक बयान नहीं देते। उन्होंने धार्मिक कथाओं के आयोजन की स्वतंत्रता का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान और कानून के तहत किसी को भी कथा आयोजित करने से रोकने का अधिकार नहीं है।

