लखनऊ में पेयजल और सीवर समस्या को लेकर प्रदर्शन, भाजपा नेता ने नगर निगम पर लगाए अनदेखी के आरोप
राजधानी लखनऊ के भदरूख क्षेत्र में पेयजल संकट और सीवर जाम की समस्या को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आया है। स्थानीय समस्याओं को लेकर किए गए प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला मंत्री संजीव मिश्रा ने किया।
संजीव मिश्रा ने आरोप लगाया कि भदरूख क्षेत्र के सैकड़ों परिवार लंबे समय से पानी की किल्लत और सीवर जाम जैसी समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी नगर निगम और जल निगम की है, लेकिन अधिकारियों की ओर से लगातार शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
लोगों ने जताई नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि पेयजल संकट के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं, वहीं सीवर जाम होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है।
अधिकारियों से समाधान की मांग
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की। भाजपा नेता संजीव मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है।फिलहाल मामले में नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

