सांसद पर हुए हमले का विरोध...सपा का शक्ति प्रदर्शन आज, एमजी रोड पर उमड़ेगी भीड़
समाजवादी पार्टी अपने राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को सड़कों पर उतरेगी। कलेक्टर कार्यालय पर शक्ति प्रदर्शन होगा। इसमें एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
सुभाष पार्क से एमजी रोड पर कलेक्टर कार्यालय तक यातायात प्रभावित रहेगा। गुरुवार को सुबह 10 बजे जिला व महानगर इकाई के कार्यकर्ता व पदाधिकारी सुभाष पार्क में एकत्र होंगे। यहां से हम पैदल मार्च कर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक जाएंगे। जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा। बुधवार को सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर जिला व महानगर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर सपा गुरुवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन कर रही है। आगरा के अलावा अन्य जिलों में भी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा निषाद, महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार, सांसद प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव, क्षेत्रीय सचिव राजपाल यादव, सलीम शाह, सुरेंद्र चौधरी, गौरव यादव आदि मौजूद रहे।

