हाथरस में पेड़ से लटका मिला आलू व्यापारी का शव, जांच में जुटी पुलिस
हाथरस जिले में एक आलू व्यापारी का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय विष्णु पुत्र मूलचंद के रूप में हुई है, जो सहपऊ क्षेत्र के नगला रमजू गांव का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह खोंडा गांव के पास लोगों ने एक पेड़ से शव लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना की वजहों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

