यूपी चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, वीडियो में जाने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का ऐलान; चंद्रशेखर होंगे CM चेहरा, सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में एक नए गठबंधन की एंट्री हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर नए गठबंधन का ऐलान किया है। इस गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया गया है। दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
इस गठबंधन की सबसे बड़ी बात यह है कि चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। ओवैसी ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि चंद्रशेखर उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को रोकने के लिए उनका मोर्चा एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आएगा।
चंद्रशेखर बोले- यह तीसरा नहीं, पहला मजबूत मोर्चा होगा
गठबंधन की घोषणा के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें कमजोर समझा गया। अब वे अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपनी राजनीतिक ताकत के दम पर आगे बढ़ेंगे।वहीं, ओवैसी ने कहा कि अब्दुल को राजनीति में बराबर का दर्जा मिलेगा। उनका कहना था कि मुस्लिम और वंचित समुदायों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें राजनीतिक भागीदारी और सत्ता में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
मुस्लिम और दलित वोटों पर गठबंधन की नजर
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19% और दलित आबादी लगभग 21% मानी जाती है। इस तरह दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी करीब 40% होती है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रणनीति में इन समुदायों को एक साथ लाने पर जोर दिखाई दे रहा है।इस गठबंधन का असर समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राजनीति पर भी पड़ सकता है। सपा का पारंपरिक आधार मुस्लिम-यादव समीकरण रहा है, जबकि बसपा की राजनीति में दलित मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में नया मोर्चा इन दोनों दलों के समर्थन आधार में सेंध लगाने की कोशिश कर सकता है। हालांकि इसका वास्तविक असर चुनावी नतीजों और क्षेत्रवार उम्मीदवारों पर निर्भर करेगा।
सपा और कांग्रेस के लिए भी खुले रखे दरवाजे
दोनों नेताओं ने अन्य विपक्षी दलों के लिए भी गठबंधन में शामिल होने का रास्ता खुला रखा है। चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया है। उनका कहना है कि जो भी दल भाजपा को सत्ता में आने से रोकना चाहता है, वह इस गठबंधन के साथ आ सकता है।फिलहाल दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे का विस्तृत फॉर्मूला सामने नहीं आया है। दोनों नेता जल्द ही इससंबंध में फैसला लेने की बात कह चुके हैं। 26 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित जनसभा को भी गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विपक्षी वोटों के बंटवारे की भी चर्चा
नए गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक मंच पर लाने के साथ अन्य सामाजिक वर्गों का समर्थन हासिल करना होगा। दूसरी ओर, विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग गठबंधन बनने से चुनावी मुकाबले के समीकरण बदल सकते हैं।राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, जिन विधानसभा सीटों पर मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या निर्णायक है, वहां सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की मौजूदगी का असर सपा, बसपा और कांग्रेस की रणनीति पर पड़ सकता है। हालांकि भाजपा को इसका कितना फायदा या नुकसान होगा, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी।अब 2027 के विधानसभा चुनाव में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की भूमिका, उम्मीदवारों के चयन और अन्य दलों के साथ संभावित गठबंधन पर सभी की नजर रहेगी।

