
कई दिनों से तपती भट्टी में तब्दील शहर में पड़ रही गर्मी ने इस सीजन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तेज धूप, उमस और लू के थपेड़ों के बीच गुरुवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। शहर में दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। रात का तापमान भी बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच बिजली कटौती ने लोगों के पसीने छुड़ाए। कटौती के चलते गोमती नगर, प्रियदर्शनी कॉलोनी, कमता, वसंत विहार, नारदगंज, तालकटोरा समेत शहर के कई इलाकों में एक से चार घंटे तक बिजली गुल रही। अमौसी स्थित लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पारे के मामले में लखनऊ ने दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.9 दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ और कानपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। यह स्थिति अगले 48 से 72 घंटे तक जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो दिन तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। लू और रात में गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। शनिवार देर शाम से मौसम बदल सकता है।
यूपी के टॉप 4 जिले
जिले का तापमान
बांदा 44.8 डिग्री
झांसी 44.7 डिग्री
आगरा 44.6 डिग्री
कानपुर 44.6 डिग्री
मदरसों में सुबह 6:30 से 10:30 बजे तक होगी पढ़ाई
गर्मी को ध्यान में रखते हुए यूपी मदरसा बोर्ड ने मदरसों के समय में बदलाव किया है। राज्य से सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त मदरसों में अब सुबह 6:30 से 10:30 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। इस दौरान बिना किसी ब्रेक के लगातार चार घंटे कक्षाएं चलेंगी।
गंगानगर 47.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। यूपी समेत पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। गुरुवार को राजस्थान का गंगानगर 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। कई दिनों से गंगानगर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, जम्मू क्षेत्र के छह जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। सबसे अधिक तापमान सांबा में 46.3 डिग्री रहा।