OPS बहाली से रिटायरमेंट उम्र 65 साल तक, अखिलेश यादव कल करेंगे बड़े ऐलान; कर्मचारियों और युवाओं के लिए कई वादे
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे। इसे 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र' नाम दिया गया है। इस घोषणा पत्र में सरकारी कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों और छात्रों के लिए कई बड़े वादे शामिल किए जा सकते हैं।
समाजवादी पार्टी इस बार तीन स्तर पर अपना चुनावी एजेंडा पेश करने की तैयारी में है। इसमें पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक घोषणा पत्र, प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र और लखनऊ के लिए विशेष घोषणा पत्र शामिल होगा।
OPS बहाली का कर सकते हैं वादा
सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली घोषणा पत्र का प्रमुख मुद्दा हो सकती है। लंबे समय से कर्मचारी संगठन पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। अखिलेश यादव पहले भी कह चुके हैं कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी।
रिटायरमेंट की उम्र 65 साल करने का प्रस्ताव
सपा के प्रस्तावित एजेंडे में सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र 60 से बढ़ाकर 65 साल करने की बात भी शामिल है। इसके लिए जरूरी संवैधानिक संशोधन का प्रस्ताव रखा जा सकता है। इससे सरकारी कर्मचारियों को पांच साल अधिक नौकरी करने का अवसर मिल सकता है।
संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को राहत
पार्टी संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने का वादा कर सकती है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने और इसके तहत पहले से काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने का मुद्दा भी घोषणा पत्र में शामिल होने की संभावना है।
खाली सरकारी पदों पर होगी भर्ती
युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने पर जोर दिया जा सकता है। पार्टी भर्ती प्रक्रिया को नियमित और पारदर्शी बनाने की बात भी रख सकती है।
शिक्षकों और छात्रों के लिए भी घोषणाएं
सपा के एजेंडे में शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने और केवल पढ़ाने की जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा शिक्षक संगठनों, छात्र संगठनों और गैर-शिक्षण कर्मचारी संगठनों के चुनाव कराने की बात भी शामिल हो सकती है।

