Valentines Day के दिन नोएडासे सामने आया सनसनीखेज मामला, सेक्टर-39 के पास कार में मिला लड़का-लड़की का शव
नोएडा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सेक्टर 39 में एक कार में दो लाशें मिली हैं। दोनों को गोली लगी थी। पुलिस को कार से एक पिस्टल भी मिली है। लाशें खून से लथपथ थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि लड़के ने पहले लड़की को और फिर खुद को गोली मारी। लड़के के हाथ में पिस्टल मिली है, जिससे यह शक हुआ है। पुलिस की एक टीम जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने बताया कि लड़के की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी के रहने वाले सुमित के तौर पर हुई है, जबकि लड़की नोएडा के सेक्टर 58 की रहने वाली थी।
पुलिस को सेक्टर 39 थाना इलाके में सेक्टर 107 दादरी रोड पर पिलर नंबर 84 के पास एक संदिग्ध कार खड़ी होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने DL14CL6473 नंबर की कार की जांच की तो उसमें दो लाशें मिलीं। पुलिस ने बताया कि एक युवक और एक युवती के सिर में गोली लगी थी। युवक के हाथ में पिस्टल भी मिली। कार अंदर से बंद थी।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सुसाइड का मामला लग रहा है। मरने वालों की पहचान सुमित (32) और रेखा के तौर पर हुई है। सुमित दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला था और महिला सेक्टर 101, सलारपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने परिवार वालों को इन्फॉर्म कर दिया है। सीनियर पुलिस अधिकारियों और एक फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

