Samachar Nama
×

अब्बास अंसारी की विधायकी जाने पर ओपी राजभर ने लिया बड़ा फैसला, सुभासपा नेता के लिए जाएंगे हाईकोर्ट

अब्बास अंसारी की विधायकी जाने पर ओपी राजभर ने लिया बड़ा फैसला, सुभासपा नेता के लिए जाएंगे हाईकोर्ट

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पार्टी विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता समाप्त होने के बाद मऊ सदर सीट पर अपना दावा ठोक दिया है। उन्होंने कहा कि इस सीट पर होने वाले मध्यावधि चुनाव में वह सुभासपा के सिंबल पर प्रत्याशी उतारेंगे। अब्बास को समर्थन देने के सवाल पर उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो अपना सिंबल बचाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे। राजभर सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सजा सुनाए जाने से पहले अब्बास को सपा कोटे का विधायक बताने वाले सुभासपा अध्यक्ष ने अब उन्हें अपना विधायक बताया है। उन्होंने कहा कि मऊ सदर सीट सुभासपा के कोटे की है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सुभासपा इस सीट पर दूसरे स्थान पर रही थी। जबकि 2022 के चुनाव में सुभासपा ने सपा गठबंधन के साथ जीत हासिल की है। इसलिए सुभासपा का सिंबल बचाने के लिए हम हाईकोर्ट जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में वह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के सामने भी अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि अगर मध्यावधि चुनाव हुए तो एनडीए के समर्थन से सुभासपा ही इस सीट से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर जल्द ही प्रदेश और दिल्ली भाजपा नेतृत्व के समक्ष अपनी बात रखेंगे।

Share this story

Tags