नोएडा में सड़क हादसे में फैक्ट्रीकर्मी की मौत, काम से कमरे पर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
नोएडा में सड़क पार करते समय एक फैक्ट्रीकर्मी की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना सेक्टर-59 में मामूरा कट के पास की है, जहां सोमवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने फैक्ट्री से काम करके अपने कमरे पर लौट रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान योगेंद्र कुमार राय के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कानपुर के नवाबगंज के रहने वाले थे और नोएडा के मामूरा गांव में किराये के कमरे में रहते थे। योगेंद्र सेक्टर-62 स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात वह काम खत्म करके अपने कमरे पर लौट रहे थे। जब वह सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास मामूरा कट पर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

