राम मंदिर के पुजारियों के लिए नई गाइडलाइन जारी, वीडियो में जाने बाल-दाढ़ी से लेकर मोबाइल और सोशल मीडिया तक के नियम तय
अयोध्या के राम मंदिर में पूजा-पाठ और पुजारियों की दिनचर्या को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। इसमें पुजारियों के पहनावे, स्वच्छता, तिलक, गर्भगृह में मोबाइल के इस्तेमाल और सोशल मीडिया पर बयानबाजी को लेकर कई नियम तय किए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने सभी पुजारियों को इन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।राम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य और श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख स्वामी राजकुमार दास ने मीडिया को नई गाइडलाइन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति की बैठक हुई थी। बैठक में चर्चा के बाद सभी की सहमति से नई गाइडलाइन जारी की गई। पुजारियों को भी इन नियमों के बारे में जानकारी दे दी गई है।
गाइडलाइन के अनुसार, राम मंदिर के पुजारियों के लिए बाल, दाढ़ी, मूंछ और शिखा को लेकर विशेष नियम तय किए गए हैं। पुजारी या तो बाल, दाढ़ी, मूंछ और शिखा निर्धारित धार्मिक स्वरूप में रखेंगे या फिर पूरी तरह क्लीन शेव रहेंगे। इसके साथ ही पुजारियों के लिए तिलक लगाना अनिवार्य किया गया है।पुजारियों को रोज पीले रंग के कपड़े पहनकर मंदिर में पूजा-अर्चना करनी होगी। स्वच्छता को लेकर भी विशेष नियम बनाए गए हैं। शौच के बाद बिना स्नान किए पुजारी मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यदि किसी नियम का उल्लंघन होता है तो गाय के दूध, घी और दही से शुद्धिकरण किए जाने का प्रावधान बताया गया है।
नई गाइडलाइन में मोबाइल फोन को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। पुजारी गर्भगृह के अंदर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा उन्हें राम मंदिर से जुड़े मामलों पर सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने से भी बचना होगा।पुजारियों को वॉट्सऐप या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी कोई बात पोस्ट या साझा नहीं करने के लिए कहा गया है, जिससे राम मंदिर को लेकर लोगों के बीच गलत संदेश जाए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करने और मंदिर आने वाले भक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, इन नियमों का उद्देश्य मंदिर की धार्मिक मर्यादा, अनुशासन और व्यवस्था को बनाए रखना है। गाइडलाइन की जानकारी सभी संबंधित पुजारियों को दे दी गई है और उन्हें निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा गया है।

