मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन, 38 साल की उम्र में लखनऊ में ली अंतिम सांस
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे तथा अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया है। वह 38 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सिविल अस्पताल में हुआ निधन
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव को बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तब उनकी हालत गंभीर थी और पल्स लगभग नहीं के बराबर थी।
परिवार में शोक का माहौल
इस दुखद घटना के बाद यादव परिवार में शोक का माहौल है। प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव उस समय असम में थीं, जिन्हें घटना की सूचना मिलने के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल और पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच रहे हैं।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
राजनीतिक जगत में शोक की लहर
प्रतीक यादव के निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और यादव परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

