यूपी में मानसून का कहर, 20 जिलों में बारिश से जनजीवन प्रभावित; मथुरा में अंडरपास डूबा, सड़कें बनीं नदियां
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार तड़के से प्रदेश के करीब 20 जिलों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।सबसे ज्यादा असर मथुरा में देखने को मिला, जहां भारी बारिश के कारण रेलवे अंडरपास में गर्दन तक पानी भर गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सड़कें नदी की तरह बहती नजर आईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज बारिश के चलते कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों का सामान बह गया और भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, एक स्कूटी भी तेज बहाव में बहती नजर आई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की टीमें राहत और जल निकासी कार्य में जुटी हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। फिलहाल मानसून की सक्रियता से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में जलभराव और नुकसान की स्थिति चिंता का कारण बनी हुई है।

