"मम्मी और पापा, सॉरी....' गाजियाबाद में दर्दनाक घटना! तीन सगी बहनों ने एकसाथ 9वीं मंजिल से लगाईं छलांग
गाजियाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां देर रात तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि यह घटना कल रात करीब 2:30 बजे हुई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। तीनों मृत बहनें नाबालिग थीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों बहनें एक गेमिंग ऐप की आदी हो गई थीं। कहा जा रहा है कि वे एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं। तीनों ने एक साथ आत्महत्या क्यों की, इसका कारण अभी साफ नहीं हो पाया है।
सुसाइड नोट में लिखा था, "मम्मी और पापा, सॉरी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। यह घटना गाजियाबाद के तिलमोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी में हुई। पुलिस का कहना है कि परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है और उनके मोबाइल फोन और डिजिटल एक्टिविटी की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। मृत लड़कियों की पहचान निशिका (16 साल), प्राची (14 साल) और पाखी (12 साल) के रूप में हुई है। पुलिस को एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है। उस पर "मम्मी और पापा, सॉरी" लिखा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों बहनों ने रात में 9वीं मंजिल से एक साथ छलांग लगाई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मंजर खौफनाक था, क्योंकि तीन लाशें खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। लड़कियों के परिवार वाले भी मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई और वे भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने क्या कहा?
शालीमार गार्डन पुलिस कमिश्नर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब 2:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तिलमोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी में टावर बी-1 की नौवीं मंजिल पर फ्लैट नंबर 907 की बालकनी से तीन लड़कियों ने छलांग लगा दी है। इस घटना में तीनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचने और जांच करने पर पता चला कि चेतन कुमार की तीन बेटियां, जिनकी पहचान निशिका (लगभग 16 साल), प्राची (लगभग 14 साल) और पाखी (लगभग 12 साल) के रूप में हुई है, ज़मीन पर गिरने से उनकी मौत हो गई थी। उन्हें एम्बुलेंस से लोनी के 50 बेड वाले अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों लड़कियों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

