उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक नाबालिग को अगवा कर गैंगरेप का मामला सामने आया है जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पीड़िता होली के त्योहार पर अपनी भाभी और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ मेला देखने गई थी, जहां कार सवाल युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है.
ये वारदात बुलंदशहर के थाना चोला क्षेत्र की है. पीड़िता के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी है. परिजनों का आरोप हैं कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग लड़की 4 मार्च को होली पर अपनी भाभी व अन्य परिजनों के साथ मेला देखने गई थी. जब वो मेला देखकर लौट रही थी तभी शाम करीब 6:30 बजे दो युवक कार में आए और नाबालिग को जबरन कार में अगवा कर ले गए.
नाबालिग को अगवा कर गैंगरेप
नाबालिग को अगवा करने के बाद आरोपी कार को जंगल मे ले गए, जहां उन्होंने बारी-बारी पीड़िता से रेप किया. उनके साथ एक और गाड़ी भी थी, जिसमें उनके और दो साथी थे. आरोप है कि दूसरी कार में सवार दो लड़कों ने भी पीड़िता से रेप की कोशिश की. बाद में वो लड़की को छोड़कर फरार हो गए.
परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 3 आरोपियों दीपांशु यादव, प्रिंस यादव व सुनील यादव व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. तीन नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, चौथे की तलाश की जा रही हैं. साथ ही पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई हैं, आरोपियों से पूछताछ की जा रही हैं. पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं दूसरी तरफ़ पीड़िता के परिजनों ने पुलिस पर इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं. परिजनों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग की है.

